Patna: शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा-2026 महोत्सव’ के देशव्यापी अभियान के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO), क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों (RRDDE) समेत सभी शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों और प्रखंडों के विद्यालयों में तिरंगा यात्रा का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि तिरंगा यात्रा के आयोजन के दौरान विद्यालयों में पढ़ाई बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
तिरंगा यात्रा में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने का निर्देश
श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व को पूरे जोश, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए और इसमें विद्यालय परिवार के साथ स्थानीय समुदाय की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश की आजादी सीमाओं की रक्षा से सुरक्षित रहती है, लेकिन आजादी की ताकत शिक्षित नागरिकों से बढ़ती है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को और मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा सहित स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि आजादी का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा सके।





