रांची: JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। गुरुवार को छात्रों के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और 100 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। छात्रों के मुख्यमंत्री आवास घेराव की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।
प्रदर्शन को देखते हुए कई इलाकों में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर आने-जाने वाले मार्ग को डायवर्ट किया गया है। अचानक रूट बदलने से ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
10 अगस्त को किया था विधानसभा घेराव
इससे पहले 10 अगस्त को बड़ी संख्या में छात्रों ने विधानसभा घेराव किया था। छात्रों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़कर विधानसभा तक पहुंच गए थे। इसके बाद से प्रशासन छात्र आंदोलन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।




