Patna/Nalanda: बिहार में भूमिहीन परिवारों को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में अभियान बसेरा 2 के तहत नालंदा जिले के बेन प्रखंड में 21 भूमिहीन परिवारों को तीन-तीन डिसमिल जमीन का पर्चा दिया गया। ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सह जदयू विधायक दल के नेता मंत्री श्री श्रवण कुमार ने बुधवार को बेन प्रखंड मुख्यालय में भूमिहीन ग्रामीणों के बीच पर्चा वितरित किया।
21 भूमिहीन परिवारों को मिला तीन डिसमिल जमीन का पर्चा
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार भूमिहीन परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचा रही है। सरकारी मदद मिलने के बाद भूमिहीन परिवार अपना घर बनवाने के साथ खेती और सरकारी योजनाओं का भी लाभ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को उनका हक दिलाना सरकार का प्राथमिक लक्ष्य है। सरकार की नीति स्पष्ट है कि जिन गरीब परिवारों के पास जमीन नहीं है, उन्हें बसने के लिए अभियान बसेरा 2 के तहत जमीन दी जाएगी। किसी गरीब को बेघर नहीं रहने दिया जाएगा। बेन प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 21 परिवारों के बीच जमीन का पर्चा वितरित किया गया। इनमें बेन प्रखंड की राज एकसारा पंचायत के 1, नोहसा पंचायत के 9, अकौना पंचायत के 5 और मैजरा पंचायत के 6 लाभुक शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि यह सिर्फ कागज नहीं, बल्कि सम्मान और स्वाभिमान है। अब ये परिवार अपने पैरों पर खड़े होंगे।
पात्र लोगों को मिल रहा योजना का लाभ
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का सपना है कि बिहार का एक भी परिवार भूमिहीन न रहे। पारदर्शी तरीके से सर्वे कर पात्र लोगों को ही योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के नवनिर्माण और विकास के प्रतीक हैं। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी प्रयासों ने बिहार की महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, राजनीति और सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान किए हैं। मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से बिहार का नवनिर्माण किया है और बिहार के प्रति लोगों की नकारात्मक धारणा को बदला है।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ, वरिष्ठ जदयू नेता राजेंद्र प्रसाद, प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, प्रखंड जदयू अध्यक्ष अरविंद पटेल, मुखिया प्रतिनिधि जीतू मांझी, नवीन सिंह, पंचायत समिति कुमुद प्र, रूबी कुमारी, सोनम सोनाली, लक्ष्मण प्रसाद, जितेन्द्र चंद्रवंशी, सुधीर प्रसाद, उपप्रमुख मो. कलीम, अजय चंद्रवंशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





