फॉण्ट कनवर्टर NEW

हल्दीपोखर में बारिश बनी कहर, मां के निधन के बाद बेघर हुआ पूरा परिवार

Jashedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। बुधवार रात हुई घटना में विनोद गुप्ता का कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे उनका परिवार बेघर हो

अपनी भाषा में पढ़ें

Jashedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। बुधवार रात हुई घटना में विनोद गुप्ता का कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे उनका परिवार बेघर हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए।

बताया गया कि विनोद गुप्ता की मां का दो दिन पहले ही निधन हुआ था। परिवार अभी शोक में डूबा हुआ था और घर पर रिश्तेदारों तथा परिचितों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच बुधवार देर रात करीब 12 बजे पड़ोसी के मकान की दीवार तेज बारिश के कारण उनके घर पर आ गिरी। दीवार गिरते ही पूरा कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। घटना के बाद परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकले और अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलने पर हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मुखिया ने कहा कि पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कई परिवार अब तक मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए और इस वर्ष बारिश से प्रभावित परिवारों को भी बिना विलंब सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पीड़ित विनोद गुप्ता ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि मां के निधन के दुख से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब सिर से छत भी छिन गई। उन्होंने सरकार से सहायता प्रदान करने की अपील की, ताकि वह अपने परिवार के लिए दोबारा आशियाना बना सकें। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram