London, UK: यूके में एक दंपती को अपने करीब 100 साल पुराने पैतृक घर की सफाई के दौरान ऐसा खजाना मिला, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। 34 वर्षीया लीजा और उनके पति डैन छुट्टियों में अपने पुराने घर पहुंचे थे। सफाई के दौरान फर्श पर कुछ ईंटें उठी दिखीं। इन्हें हटाने पर नीचे एक कमरे जैसी जगह नजर आई, जिसके बाद दोनों ने इसे खोलने का फैसला किया। यह मकान लंबे समय से बंद पड़ा था, क्योंकि लीजा और डैन शहर में रहने लगे थे। घर की सफाई के दौरान सामने आए इस हिस्से ने दोनों की उत्सुकता बढ़ा दी।
Read more: 12 मंजिला अपार्टमेंट्स के ऊपर बना हाईवे, घरों के ऊपर से गुजरती है सनसनाती गाडियां
दीवार तोड़ी तो मिला गुप्त कमरा
दीवार तोड़ने पर दंपती को अपने ही घर के भीतर एक गुप्त कमरा मिला। कमरे में चारों तरफ कोयला भरा हुआ था। इसकी सफाई करते समय कोयले के बीच उन्हें एक पुराना और जंग लगा टिन का डिब्बा दिखाई दिया। शुरुआत में दोनों को लगा कि यह बेकार डिब्बा है और इसके अंदर भी कोयला ही होगा। इसलिए उन्होंने इसे एक किनारे रख दिया। डैन ने बताया कि डिब्बे से अमोनिया जैसी तीखी गंध आ रही थी। इसी वजह से उन्होंने इसे तुरंत खोलने से परहेज किया और डिब्बा कई महीनों तक ऐसे ही पड़ा रहा।
बच्चों की जिद पर खोला पुराना डिब्बा
एक दिन बच्चों ने डिब्बा खोलने की जिद की। इसके बाद दंपती ने सुरक्षा का ध्यान रखते हुए औजारों की मदद से इसे खोलने का फैसला किया। डिब्बा खुलते ही सभी हैरान रह गए। उसके अंदर 1970 के दशक के हजारों यूरो के पुराने नोट भरे हुए थे। दंपती को अंदाजा नहीं था कि गुप्त कमरे में मिले इस पुराने डिब्बे के अंदर इतना बड़ा खजाना छिपा होगा।
आर्थिक तंगी के बीच मिला खजाना
लीजा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह खजाना उनके परिवार को बिल्कुल सही समय पर मिला है। पिछले कुछ समय से उनके पति का व्यवसाय ठीक से नहीं चल रहा था और परिवार गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। अब दंपती अचानक मिली इस राशि का इस्तेमाल अपने व्यवसाय को फिर से स्थापित करने और आगे बढ़ाने में करेगा।
Read more: जंगल की आग रोकने के लिए स्पेन में गधे बने ‘फायर फाइटर’, ऐसे कर रहे मदद
पुराने घरों में मिलते हैं गुप्त तहखाने
इंग्लैंड के ग्रामीण इलाकों में कई शतक पुराने घर मौजूद हैं, जो वर्षों से बंद पड़े हैं। ऐसे ऐतिहासिक मकानों में अक्सर गुप्त तहखाने और छिपे हुए कमरे पाए जाते हैं। इन घरों की साफ-सफाई या मरम्मत के दौरान कई बार दशकों पुरानी और हैरान करने वाली वस्तुएं भी सामने आती रहती हैं।




