Barcelona, Spain: जंगल की आग पर काबू पाने के लिए जहां दुनिया भर में सैटेलाइट, ड्रोन, एआई और दूसरी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं स्पेन के कैटालोनिया में गधों को प्राकृतिक ‘फायर फाइटर’ की भूमिका दी गई है। बार्सिलोना से करीब 80 मील दूर पहाड़ी इलाकों में ये गधे सूखी घास और झाड़ियों को खाकर वनस्पतियों की मात्रा कम कर रहे हैं, जिससे आग फैलने का खतरा कम करने में मदद मिल रही है।
Read more: बैंकॉक पब में भीषण आग, टॉयलेट में छिपे 27 लोगों की दर्दनाक मौ’त; 63 झुलसे
विशेषज्ञ इस तरीके को पर्यावरण के अनुकूल और प्रभावी उपाय मान रहे हैं। दक्षिणी यूरोप के जंगल पिछले कई वर्षों से भीषण आग की घटनाओं का सामना कर रहे हैं। स्पेन में अब तक 2.4 लाख एकड़ से ज्यादा भूमि आग की चपेट में आ चुकी है। देश के दक्षिणी हिस्से में हाल ही में लगी भीषण आग में कई लोगों की जान भी गई। ऐसे में जंगलों में मौजूद सूखी वनस्पतियों को कम करने के लिए गधों की मदद ली जा रही है।
सूखी घास खाकर तैयार करते हैं प्राकृतिक फायर ब्रेक
इस पहल को एक गैर-लाभकारी संस्था संचालित कर रही है। संस्था प्रताड़ित या उपेक्षित गधों को उनके पुराने मालिकों से मुक्त कराकर नया जीवन देती है और बाद में उन्हें जंगलों, पहाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों में चरने के लिए छोड़ती है। गधे बड़ी मात्रा में सूखी घास और झाड़ियों को खा जाते हैं। इससे प्राकृतिक ‘फायर ब्रेक’ तैयार होता है। ऐसे में आग लगने पर उसे तेजी से फैलने के लिए सूखी वनस्पतियों के रूप में पर्याप्त ईंधन नहीं मिल पाता।
2020 में कुछ गधों के साथ शुरू हुई परियोजना
इस परियोजना की शुरुआत 2020 में टिविस्सा निवासी जोन सेडो सैंस ने कुछ गधों के साथ की थी। अब इनकी संख्या बढ़कर 62 हो चुकी है। ये गधे सार्वजनिक और निजी दोनों तरह की जमीनों पर काम कर रहे हैं। इस विचार की प्रेरणा 2013 में कैटालोनिया में लगी भीषण आग के बाद मिली थी। प्रयोग के तौर पर गधों को झाड़ियों वाले इलाके में छोड़ा गया तो पाया गया कि उन्होंने सूखी वनस्पतियों को प्रभावी ढंग से साफ कर दिया। बाद में यही प्रयोग संगठित परियोजना में बदल गया। वर्तमान में इसकी दैनिक जिम्मेदारी स्वयंसेवक जॉर्डी गार्सिया संभाल रहे हैं।
गर्मियों में ज्वलनशील घास खाते हैं गधे
एक शोधकर्ता के मुताबिक, गधे ऐसी सूखी घास खाना पसंद करते हैं जो खासतौर पर गर्मियों में अत्यधिक ज्वलनशील हो जाती है। यही वनस्पति जंगल की आग को तेजी से फैलाने में मदद करती है। उनके मुताबिक, गधों के साथ अन्य शाकाहारी जानवरों का भी इस्तेमाल किया जाए तो अलग-अलग तरह की झाड़ियों और वनस्पतियों पर बेहतर नियंत्रण पाया जा सकता है। कैलिफोर्निया में भी आग के खतरे वाले इलाकों में बकरियों का इस्तेमाल पहले से किया जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार, गधों की भूमिका कुछ अलग है।
Read more: चीन में गधों को बना दिया जेबरा, लोग हुए हैरान अब उड़ रहा मजाक
अग्निशमन दल के लिए भी रास्ता बनाते हैं गधे
गधों का भारी शरीर चलते समय जमीन पर दबाव बनाता है, जिससे सूखी वनस्पतियों की परत टूटती है। इससे आग को लगातार फैलने के लिए मिलने वाले ईंधन को कम करने में मदद मिलती है। गधों के चलने से जंगलों में साफ रास्ते भी तैयार होते हैं। जरूरत पड़ने पर अग्निशमन दल इन रास्तों का इस्तेमाल पाइपलाइन और दूसरे उपकरण ले जाने के लिए कर सकता है। इस तरह कैटालोनिया की यह पहल जंगल की आग का खतरा कम करने के साथ उपेक्षित और प्रताड़ित गधों के संरक्षण का भी उदाहरण बन रही है।




