फॉण्ट कनवर्टर NEW

खप्परसाई ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, दो टोटो को मारी टक्कर

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्परसाई ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो महिंद्रा टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे टोटो का पिछला

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्परसाई ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो महिंद्रा टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे टोटो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक नीम के पेड़ से टकराकर रुक गई।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया।

टोटो चालकों ने बताया कि स्कॉर्पियो सामने से तेज रफ्तार में आ रही थी और सीधे उनके वाहनों से टकरा गई। उनका कहना है कि यदि वे समय रहते वाहन हटाने की कोशिश नहीं करते तो बड़ा हादसा हो सकता था और उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी। दुर्घटना में दोनों टोटो क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे चालकों को आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक नशे में था या नहीं। यदि जांच में इसकी पुष्टि होती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ स्कॉर्पियो चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram