फॉण्ट कनवर्टर NEW

अमित सरदार का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला, हत्या या हादसे की जांच शुरू

आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास अपराधकर्मी अमित सरदार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या, आत्महत्या और रेल हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या और रेल हादसे सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घर से निकलने के बाद नहीं लौटा अमित

परिजनों के अनुसार, अमित सरदार बुधवार रात घर से निकला था। उनका कहना है कि कुछ लोग उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। देर रात तक परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सुबह रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़े होने की सूचना आरआईटी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अमित सरदार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

जानकारी के मुताबिक, अमित सरदार हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी मौत के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतक की अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जिन लोगों के साथ वह आखिरी बार देखा गया था, उनसे जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अमित सरदार की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram