फॉण्ट कनवर्टर NEW

अतिक्रमण से मुक्ति और वेंडर्स को सम्मान, ₹3.26 करोड़ की लागत से बनेंगे आधुनिक वेंडिंग जोन

रांची: राजधानी रांची में अब सड़क किनारे बिखरी दुकानें और ठेले बीते दिनों की बात बनने जा रहे हैं। शहर को व्यवस्थित, अतिक्रमणमुक्त और सुंदर बनाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर्स को एक स्थायी व सम्मानजनक आजीविका परिसर उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी रांची में अब सड़क किनारे बिखरी दुकानें और ठेले बीते दिनों की बात बनने जा रहे हैं। शहर को व्यवस्थित, अतिक्रमणमुक्त और सुंदर बनाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर्स को एक स्थायी व सम्मानजनक आजीविका परिसर उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने अपनी पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोराबादी और पांडरा क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित आधुनिक वेंडिंग जोन का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल वेंडर्स को बैठाना नहीं है, बल्कि ऐसे आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करना है जो शहर की नई पहचान बनें और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करें।

मोराबादी में ₹3.26 करोड़ से बन रहा मॉडल वेंडिंग जोन

नगर आयुक्त के निरीक्षण की शुरुआत मोराबादी स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के समीप बन रहे आधुनिक वेंडिंग जोन से हुई। लगभग ₹3.26 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे इस अत्याधुनिक परिसर में 205 स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी दुकानें और बैठने की जगह दी जाएगी।

अभियंताओं ने बताया कि यह केवल शेड वाला बाजार नहीं होगा, बल्कि इसमें पीने का पानी, आधुनिक शौचालय, चौड़े पाथवे, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बिजली व्यवस्था और गार्ड रूम जैसी तमाम आधारभूत सुविधाएं होंगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि लगभग एक एकड़ में फैले इस क्षेत्र को Visionary Planning के तहत विकसित किया जाए ताकि यह भविष्य में शहर का मॉडल सार्वजनिक स्थल बन सके।

आसपास की जमीन का भी होगा विकास, बनेगा ‘मॉडल कॉरिडोर’

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि आसपास उपलब्ध खाली सरकारी जमीन को भी शामिल कर एक एकीकृत विकास योजना बनाई जाए। केवल वेंडिंग जोन तक सीमित न रहकर पूरे इलाके में आकर्षक पाथवे, बाउन्ड्री वॉल, पार्किंग, लाइटिंग और हरित क्षेत्र का समावेश किया जाए।

इसके बाद उन्होंने मान्या पैलेस से टीआरआई (TRI) तक पैदल चलकर जायजा लिया। इंजीनियरिंग शाखा को पूरे मार्ग पर पेविंग ब्लॉक के साथ आधुनिक पाथवे बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही होटल पार्क प्राइड से टीआरआई तक हाल ही में अतिक्रमण से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर भी सुनियोजित विकास कार्य करने को कहा गया।

टैगोर हिल के पास 250 वेंडर्स का पुनर्वास

इसके बाद नगर आयुक्त टैगोर हिल के पास विकसित किए गए अस्थायी वेंडिंग स्थल पहुँचे। मोराबादी मैदान से हटाए गए स्ट्रीट वेंडर्स के पुनर्वास के लिए लगभग 45 डिसमिल गैर-मजरुआ भूमि पर यह स्थल विकसित किया गया है, जहाँ वर्तमान में 250 वेंडर्स अपना व्यवसाय कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्थायी व्यवस्था होने के बावजूद सफाई, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, ग्रीन पैच और मूलभूत सुविधाओं में कोई लापरवाही न बरती जाए।

पंडरा में हजारों वेंडर्स के लिए बनेगा सुनियोजित बाजार

निरीक्षण के अगले चरण में नगर आयुक्त ने पंडरा पुल के सामने खाली सरकारी जमीन का जायजा लिया। यहाँ ओटीसी मैदान से पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक सड़क किनारे दुकान लगाने वाले वेंडर्स के पुनर्वास के लिए नया वेंडिंग जोन बनाने की योजना है। इसके लिए इंजीनियरिंग शाखा को जल्द से जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

“वेंडर्स का सम्मान और शहर की व्यवस्था-दोनों हमारी प्राथमिकता”

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा, “स्ट्रीट वेंडर्स शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए उन्हें स्थायी रोजगार का सुरक्षित वातावरण देना और शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है।”

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक तथा रांची नगर निगम की एनफोर्समेंट टीम के अधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram