Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 13 वर्षीय अमिताभ गुप्ता अपनी पारिवारिक समस्या लेकर सीधे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के पास पहुंच गया। बच्चे ने बिना झिझक अपनी बात रखी, जिसे DM ने गंभीरता से सुना। शिकायत सुनने के बाद उन्होंने शहर कोतवाल को मामले के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बच्चे के आत्मविश्वास और स्पष्ट तरीके से अपनी बात रखने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बच्चे ने बताई अपनी परेशानी
13 साल का बच्चा पहुंचा डीएम के पास, बेबाक अंदाज में सुनाई फरियाद, तुरंत हुआ एक्शन#LakhimpurKheri #DMAnjaniKumar #AmitabhGupta #LakhimpurKheriNews #UPNews #SamadhanDiwas #jhlive #viralvideo pic.twitter.com/uBeaZSFssx
— JH LIVE (@jhliveonline) July 19, 2026
अमिताभ ने DM को बताया कि उसके पिता ने दो शादियां की हैं। गांव में स्थित घर के एक हिस्से पर उसके ताऊ ने ताला लगा रखा है। उसने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह उस हिस्से को किराये पर देकर कुछ आमदनी करना चाहता है, लेकिन ताला लगे होने के कारण ऐसा नहीं कर पा रहा है।
DM ने तुरंत दिए कार्रवाई के निर्देश
DM अंजनी कुमार सिंह ने बच्चे की पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शहर कोतवाल को मामले का समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान DM बच्चे की बेबाक बातों पर मुस्कुराते भी नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसके आत्मविश्वास की सराहना की।
तीन महीने पहले बने हैं लखीमपुर खीरी के DM
अंजनी कुमार सिंह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। करीब तीन महीने पहले उन्होंने लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था।
चंदौली के रहने वाले अंजनी कुमार सिंह ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद यूपीएससी परीक्षा पास की। इससे पहले वह लखनऊ, गोरखपुर, बाराबंकी और बस्ती समेत कई जिलों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 2021 में उन्हें राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का संचालक बनाया गया था, जबकि 2024 में उन्होंने मैनपुरी के जिलाधिकारी के रूप में भी कार्य किया।




