Sheohar: बिहार के शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड स्थित बेलवा में रविवार को बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के तहत बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण किया गया। करीब 68.80 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 130.88 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सरकार का दावा है कि इससे बाढ़ नियंत्रण के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
अटल जी के सपने को मोदी सरकार ने दिया आकार
लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी जोड़ परियोजनाओं की परिकल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब इन योजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार में समेकित जल संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बाढ़ का अतिरिक्त पानी पहुंचेगा बूढ़ी गंडक तक
मुख्यमंत्री ने बताया कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल के जरिए बागमती नदी का अतिरिक्त पानी बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाया जाएगा। इससे बाढ़ के दौरान जल निकासी बेहतर होगी और प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ की तीव्रता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना का अहम हिस्सा है।
किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
सरकार के अनुसार इस परियोजना से सिंचाई क्षमता में बढ़ोतरी होगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में सुधार होगा। इसके अलावा मत्स्य पालन जैसी कृषि आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भू-जल पुनर्भरण, हरित आवरण के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण में भी यह परियोजना उपयोगी साबित होगी।
शिवहर को मिली 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवहर जिले के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन और 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
जीविका समूहों को मिला 25.35 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक
मुख्यमंत्री ने जिले के 4,550 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 25 करोड़ 35 लाख रुपये का सांकेतिक चेक भी सौंपा। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का मजबूत माध्यम बन रहे हैं और सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका, उद्योग, कृषि, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस की अभया ब्रिगेड और साइबर क्राइम इकाई द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन सहित कई सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




