अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की सांसद जोबा माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नियुक्ति पाने वालों में स्थापना कार्यालय के तहत अनुकंपा एवं उग्रवादी अनुकंपा श्रेणी में लिपिक के 34 और आदेशपाल के 7 अभ्यर्थी शामिल हैं। समाज कल्याण विभाग की 21 सेविकाओं और 32 सहायिकाओं को भी नियुक्ति पत्र दिया गया। जिला आयुष कार्यालय के अंतर्गत एक जिला कार्यक्रम प्रबंधक और 25 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 5 प्रखंड समन्वयक, डीएमएफटी मद से कक्षा 9 एवं 10 के लिए 30 अनुशिक्षक तथा कक्षा 11 एवं 12 के लिए 8 अनुशिक्षक, स्वास्थ्य विभाग में 3 बहुउद्देशीय कार्यकर्ता और 5 सहायक कर्मी तथा कोल्हान अधीक्षक कार्यालय के तहत 7 मुंडा को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
मंत्री दीपक बिरुआ ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सेवा का दायित्व है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
सांसद जोबा माझी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक पद के साथ जिम्मेदारी जुड़ी होती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों से समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति अपनाने तथा आम लोगों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कर्मी अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

