अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jari, (Gumla): प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की सफलता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने की।बैठक के दौरान बीडीओ ने उपस्थित सभी मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और राशन डीलरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलेरिया से बचाव ही इसका सबसे बड़ा समाधान है, और इसके लिए जन-भागीदारी अनिवार्य है।
बीडीओ ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे स्वास्थ्य सहियाओं के साथ समन्वय स्थापित कर गांव-गांव तक जागरूकता फैलाएं। ग्रामीणों को फाइलेरिया रोधी दवा खाने के लिए प्रेरित करने और इसके लाभ बताने पर जोर दिया गया। राशन डीलरों और पंचायत स्तर के कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे अपने संपर्क में आने वाले हर ग्रामीण को इस अभियान से जोड़ें। बीडीओ यादव बैठा ने कहा फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन समय पर सजग रहकर इससे बचा जा सकता है। प्रखंड के सभी कर्मी मिशन मोड में काम करें ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति दवा के सेवन से वंचित न रहे।इस मौके पर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, जन वितरण प्रणाली के दुकानदार और प्रखंड कार्यालय के कई कर्मी उपस्थित थे।

