अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची। आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य चुनाव को सुचारू, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना रहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रजत कुमार सहित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी, रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारी, अंचल अधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक पहलू की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मतदान केंद्रों की पहचान, उनकी संवेदनशीलता के आकलन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदान कर्मियों और संबंधित पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम समय पर आयोजित करने पर जोर दिया गया।
लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के तहत मतपत्र, मतदान सामग्री, डिस्पैच एवं मतगणना केंद्रों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश संबंधित कोषांगों को दिए गए। सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि नगरपालिका निर्वाचन 2026 लोकतंत्र को मजबूत करने का अवसर है और सभी अधिकारियों को टीमवर्क व निष्ठा के साथ कार्य करना होगा, ताकि रांची जिले में शांतिपूर्ण और सफल चुनाव सुनिश्चित हो सके।

