अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Hazaribagh : जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना क्षेत्र के आरा भुसाई गांव में संचालित एक अवैध मिनी नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान मौके से विशेष कुमार सोनी नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 53 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत सात से आठ लाख रुपये आंकी गई है।
टीम को फैक्ट्री से नकली शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल, खाली बोतलें, नकली लेबल, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और विभिन्न उपकरण भी मिले। जांच में यह तथ्य सामने आया कि यहां विदेशी ब्रांड के नाम पर नकली शराब तैयार कर उसकी अवैध बिक्री की जा रही थी, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान के साथ-साथ आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन को भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
छापेमारी के दौरान दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल नकली शराब की ढुलाई में किया जा रहा था। इनमें से एक वाहन लग्जरी श्रेणी का बताया गया है। यह पूरी कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त शिव कुमार साहू के निर्देश पर की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ चल रही है और उसकी निशानदेही पर सात अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नकली और अवैध शराब के खिलाफ चल रहा अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

