अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : “कौन बनेगा करोड़पति” (केबीसी) सीजन 17 के विजेता बिप्लब बिस्वास ने शनिवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बिप्लब बिस्वास की यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बिप्लब बिस्वास ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, लगन और ज्ञान के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार को गर्व है कि राज्य के एक प्रतिभाशाली युवक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बौद्धिक क्षमता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उल्लेखनीय है कि बिप्लब बिस्वास ने 30 और 31 दिसंबर 2025 को प्रसारित हुए केबीसी एपिसोड में एक करोड़ रुपये के प्रश्न का सही उत्तर देकर यह मुकाम हासिल किया। वे केबीसी सीजन 17 के दूसरे प्रतिभागी हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान उनकी तर्कशक्ति, व्यापक ज्ञान और आत्मविश्वास की मेजबान अमिताभ बच्चन सहित दर्शकों ने भी जमकर सराहना की।

