अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: जमशेदपुर में नववर्ष की सर्द रात जरूरतमंदों के लिए राहत लेकर आई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर की ओर से मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए रात्रिकालीन कंबल वितरण अभियान चलाया गया। यह अभियान 1 जनवरी की रात 10 बजे से 12 बजे तक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में संचालित किया गया।
व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश पर यह पहल की गई। कड़ाके की ठंड और शीत लहर के बीच सड़क किनारे सो रहे गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरित किए गए।
इस दौरान प्रधान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) विशाल गौरव और डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी स्वयं रात्रि भ्रमण पर निकले। दोनों अधिकारियों ने जरूरतमंदों से संवाद किया और लगभग 50 लोगों को अपने हाथों से कंबल सौंपे। उन्होंने कहा कि जिसका कोई नहीं होता, डालसा उसके साथ खड़ा रहता है। साथ ही यह भी बताया कि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और जरूरतमंद लोग डालसा कार्यालय से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : सर्दी के सितम में उम्मीद की गर्माहट, नरसंडा में कंबल वितरण
कंबल वितरण कार्यक्रम में डालसा कार्यालय के प्रधान सहायक संजय कुमार, रवि मुर्मू सहित पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो, सुनील पांडेय, अरुण रजक और शंकर गोराई ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस पहल को नववर्ष पर मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश माना जा रहा है।

