अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderama News: कोडरमा विधायक और प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव के प्रयासों का प्रतिफल है कि कोडरमा से सटे फुलवरिया गांव में पहली बार बिजली पहुंची। कई ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति मिली तो पेयजल और नागरिक सुविधा के अन्य कार्यों को गति मिली है। बुधवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर विधायक डॉ नीरा यादव ने तीसरी बार विधायक बनने के एक साल पूरा होने पर मीडिया के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को रखा। उन्होंने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी जनहित के कई मामलों को रखा। इनमें जेटेट की परीक्षा आयोजित करने, डोमचांच के वार्ड 5 को नगर पंचायत से हटाने और जेएसएमडीसी में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के नियमितीकरण का मामला शामिल है। इसके साथ ही हाउस अरेस्ट कर ऑनलाइन ठगी के मामले को भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लि के शेष 6 कर्मियों को न्यायालय के आदेश के बाद भी आज तक नियमतिकरण का लाभ नहीं दिया गया। उन्होंने सरकार से शेष 6 कर्मियों को नियमतिकरण का लाभ देने की मांग की। इसके साथ ही विधायक डॉ नीरा यादव ने सरकार से जेटेट की परीक्षा जल्द कराने की भी मांग की। उन्होंने कोडरमा के सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सुरेश प्रसाद गुप्ता से 51 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला भी प्रमुखता से रखा। विधायक डॉ नीरा यादव ने बताया कि डोमचांच के वार्ड 5 में कोई नागरिक सुविधा नहीं मिलती है पर होल्डिंग टैक्स से लेकर अन्य टैक्स की मांग की जा रही है। वहां के लोगों ने नगर पंचायत से हटाकर ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की है, जिसे विधानसभा के सत्र में रखा गया। विधायक ने यह भी कहा कि विधानसभा का सत्र भी छोटा रखा गया, वहीं सवाल रखने और जवाब देने की प्रक्रिया भी जटिल कर दी गयी ताकि विपक्ष जनहित के मामले या सवाल कम या नहीं रख सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समस्याओं के प्रति ना तो गंभीर है और ना ही समाधान चाहती है। अभी पूरे झारखंड में सिर्फ लूट खसोट हावी है और लूट खसोट की योजनाओं को ही प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार विकास का कोई काम नहीं करना चाहती है और ना ही कोई विजन है। बावजूद वे कोडरमा के विकास को लेकर कृतसंकल्पित हैं। नए साल में कोडरमा में इंजीनियरिंग कॉलेज चालू होगा तो वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण को और गति मिलेगी। इन प्रमुख योजनाओं की शुरुआत तब हुई थी जब राज्य में भाजपा की सरकार थी।
वहीं जिला मुख्यालय कोडरमा में हॉल्ट निर्माण का वे प्रयास करेंगी, जिसकी मांग कई सालों से लोग कर रहे हैं। इसके साथ ही सतगावां, मरकच्चो में बने हुए भवन में डिग्री कॉलेज चालू कराने, डोमचांच स्थित महिला महाविद्यालय भवन में पढ़ाई शुरू कराने का पूरा प्रयास होगा। नए साल में झुमरीतिलैया के गुमो में पार्क और खेल मैदान की सुविधा लोगों को उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इलाके में विकास को लेकर रोड मैप तैयार किया है और इसी अनुरूप लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री विजय यादव, दिनेश सिंह, वरीय नेता राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, चंद्रशेखर जोशी, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार पंडित, सुजीत मेहता, सुरेन्द्र यादव, नवीन चौधरी, हरि पंडित, राजकुमार यादव, राजेश सिंह राजू समेत अन्य लोग मौजूद थे।

