अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी के नामकुम इलाके में अवैध शराब के सौदागरों के खिलाफ उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने रविवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की विशेष टीम ने हेसापीढ़ी और कटाई टोली के घने इलाकों में अचानक छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब के 7 बड़े अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई हलचल से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया और वे मौके का फायदा उठाकर जंगलों की ओर फरार हो गए।
भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद; भट्टियों को किया गया ध्वस्त
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 10 हजार किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया, जिसे शराब बनाने के लिए ड्रमों में सड़ाया जा रहा था। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस कच्चे माल को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा लगभग 200 लीटर तैयार महुआ शराब भी जब्त की गई है। टीम ने वहां मौजूद भट्ठियों और उपकरणों को पूरी तरह तोड़ दिया है ताकि दोबारा वहां अवैध काम शुरू न हो सके।
फरार आरोपियों की तलाश तेज; विभाग ने दी सख्त चेतावनी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी भागने में सफल रहे, लेकिन उनकी पहचान लगभग कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे ऐसे अवैध ठिकानों की जानकारी गुप्त रूप से विभाग को दें।

