अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Social News: जैसे ही दिसंबर की सर्द हवाएं चलती हैं, घरों से केक की सोंधी खुशबू आने लगती है। क्रिसमस का जिक्र होते ही हमारे दिमाग में सबसे पहले भारी-भरकम ‘रम केक’ की तस्वीर आती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के अलग-अलग कोनों में क्रिसमस केक का स्वरूप पूरी तरह बदल जाता है? कहीं यह हफ्तों पहले तैयार होने वाली शराब में डूबी मिठाई है, तो कहीं गर्मियों के ताजे फलों का संगम।
आइए, आज आपको दुनिया के उन मशहूर क्रिसमस केकों की सैर कराते हैं जो अपनी परंपरा और स्वाद के लिए जाने जाते हैं।
ब्रिटिश क्रिसमस केक: ब्रिटेन में क्रिसमस का मतलब है भारी-भरकम फ्रूट केक, जिसमें ढेर सारे ड्राई फ्रूट, नट्स और मसाले मिलाए जाते हैं। इस केक में ब्रांडी या रम डाली जाती है और इसे कई हफ्तों पहले तैयार किया जाता है, ताकि फ्लेवर गहराई से सेट हो जाए। ऊपर से मार्जिपन और रॉयल आइसिंग इसे रॉयल लुक देती है।
जर्मन स्टॉलेन : जर्मनी में क्रिसमस के दौरान क्राइस्टस्टॉलेन (Stollen) बेहद लोकप्रिय है, जो केक से ज्यादा ब्रेड जैसा होता है। इसमें ड्राई फ्रूट, नट्स और मसालों के साथ बीच में मार्जिपन डाला जाता है, जिसे बेबी जीसस के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है और ऊपर से पाउडर शुगर की मोटी परत चढ़ाई जाती है।
इतालवी पनेत्तोने: इटली में क्रिसमस बिना पनेत्तोने (Panettone) के अधूरा माना जाता है। ऊंचे गोल आकार वाला यह हल्का और फूला हुआ केक किशमिश और कैंडिड फ्रूट से भरा होता है।
जापानी क्रिसमस केक: जापान में क्रिसमस का केक बिल्कुल अलग अंदाज का होता है। वहां हल्का स्पंज केक, व्हिप्ड क्रीम और स्ट्रॉबेरी के साथ क्रिसमस ईव पर केक काटना खुशियों और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
ऑस्ट्रेलियाई पावलोवा: ऑस्ट्रेलिया में चूंकि क्रिसमस गर्मियों में आता है, इसलिए वहां भारी केक की जगह पावलोवा जैसे हल्के डेज़र्ट को तरजीह दी जाती है। मुरिंगी बेस पर बने इस डेज़र्ट को ताजे फलों से सजाया जाता है।
फ्रेंच ब्यूश डे नोएल: वहीं फ्रांस में ब्यूश डे नोएल (Bûche de Noël) यानी यूल लॉग केक क्रिसमस की पहचान है, जिसे लकड़ी के लट्ठे जैसा सजाया जाता है और स्पंज केक व चॉकलेट गनाश से तैयार किया जाता है।
कैरेबियन ब्लैक केक: कैरेबियन देशों में ब्लैक केक का अलग ही क्रेज है। रम में लंबे समय तक भिगोए गए ड्राई फ्रूट और ब्राउन शुगर से बना यह केक स्वाद में गहरा और मसालेदार होता है।
ये केक केवल खाने की चीजें नहीं हैं, बल्कि ये हर देश की संस्कृति और मौसम की कहानी बयां करते हैं। चाहे स्वाद कोई भी हो, इन केकों के जरिए लोग खुशियां और प्यार ही बांटते हैं।

