अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चतरा : चतरा शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप 75 एकड़ में विकसित भव्य ईको पार्क का उद्घाटन आज किया गया। वन विभाग द्वारा निर्मित इस ईको पार्क का विधिवत उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि वन विभाग द्वारा बनाया गया यह ईको पार्क चतरा के लोगों के लिए केवल एक पार्क नहीं, बल्कि एक अनुपम उपहार है। उन्होंने कहा कि यह पार्क न सिर्फ जिले की सुंदरता में चार चांद लगाएगा, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा देगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ चतरा की पहचान राज्य स्तर पर और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को मानसिक शांति और सुकून देने वाली जगहों की आवश्यकता है। चतरा जैसे शांत और प्राकृतिक वातावरण वाले जिले में यह ईको पार्क लोगों को अपने परिवार और बच्चों के साथ समय बिताने के लिए एक बेहतर, सुरक्षित और खूबसूरत स्थान उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त कृति श्री जी ने कहा कि ईको पार्क जिलेवासियों के मनोरंजन के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि पार्क में हरियाली, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को तनाव से मुक्त रखने में मदद करेगा। साथ ही यह पार्क बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए उपयोगी साबित होगा।
उद्घाटन समारोह में चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी सहित वन विभाग और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने ईको पार्क को चतरा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसकी सराहना की।
ईको पार्क के खुलने से चतरा को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में यह पार्क न केवल स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी अपनी ओर खींचेगा, जिससे जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी।

