फॉण्ट कनवर्टर NEW

ठंड से कांप रहा झारखंड, रांची 4°C और गुमला 3°C, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

Ranchi : झारखंड में सर्दी का प्रकोप तेज हो गया है। दिसंबर की शुरुआत में ही तापमान में भारी गिरावट से आमजन प्रभावित हो रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बन

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड में सर्दी का प्रकोप तेज हो गया है। दिसंबर की शुरुआत में ही तापमान में भारी गिरावट से आमजन प्रभावित हो रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार गुमला का न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान है। वहीं रांची के कांके क्षेत्र में भी ठंड का असर गहराया है और यहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 24 घंटे राज्य के लिए और भी ठंडे साबित हो सकते हैं। विशेषकर पश्चिमी झारखंड के जिले पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा के साथ मध्यवर्ती क्षेत्र गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा में शीतलहर का प्रभाव जारी रहेगा। इसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ रहा है। वहां से आने वाली ठंडी और नमी से भरी हवाएं राज्य के तापमान को तेजी से कम कर रही हैं। परिणामस्वरूप पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। इस अवधि में राज्य का अधिकतम तापमान औसतन 1.5 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 1.6 से 3 डिग्री कम पाया गया।

गोड्डा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 3 डिग्री रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 26.9 और न्यूनतम 9.4 डिग्री, जबकि डालटनगंज में 26.7 और 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।

अन्य जिलों की बात करें तो बोकारो में अधिकतम 23.4 और न्यूनतम 8.5 डिग्री, चाईबासा में 27.8 और 10.2 डिग्री तथा खूंटी में 25.3 और 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री और अधिकतम 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। लातेहार में यह क्रमशः 20.3 और 9 डिग्री रहा।

ठंड की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि आवश्यक न हो तो देर शाम और रात में बाहर निकलने से बचें और गर्म कपड़ों का उपयोग करें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram