Patna : भोजपुरी अभिनेता और सिंगर पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां के अस्पताल में होने की जानकारी सामने आने के बाद पवन सिंह के फैंस उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।
पवन सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर अस्पताल से अपनी मां के साथ एक तस्वीर शेयर की है। फोटो में प्रतिमा देवी अस्पताल के बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं, जबकि पवन सिंह उन्हें गले लगाए हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने सिर्फ इतना लिखा, “माई हमार दुनिया।” पवन सिंह के इस छोटे से संदेश ने उनकी भावनाओं को बयां कर दिया।
पत्नी ज्योति सिंह ने मां के लिए मांगी दुआ
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी प्रतिमा देवी की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने अपनी सास के जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। इसके बाद फैंस ने भी पोस्ट पर कमेंट कर प्रतिमा देवी के जल्द ठीक होने की कामना की।
दोस्त ने भी लोगों से प्रार्थना की अपील की
पवन सिंह के करीबी दोस्त प्रियांशु सिंह ने भी प्रतिमा देवी की अस्पताल की तस्वीर शेयर की। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए लोगों से भी उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की। इसके बाद सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं और दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया।
मां से खास लगाव रखते हैं पवन सिंह
पवन सिंह का अपनी मां के साथ बेहद करीबी रिश्ता है। वह कई मौकों पर अपनी मां के प्रति प्यार और सम्मान जाहिर कर चुके हैं। हाल ही में उनके रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो में भी पवन सिंह अपनी मां के पैर दबाते हुए भावुक नजर आए थे।
फिलहाल प्रतिमा देवी की बीमारी और उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पवन सिंह के फैंस उनकी मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।



