*तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूत्रों के आधार पर बुढ़मू पुलिस ने की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद*
*राँची।* बुढ़मू थाना क्षेत्र के चायां गांव स्थित साठीतारी टोला में एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले का बुढ़मू पुलिस ने खुलासा करते हुए प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। बुढ़मू पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को करीब शाम 5 बजे सूचना मिली थी कि साठीतारी टोला में एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना में कांड संख्या 62/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक, खलारी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूत्रों के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के क्रम में पुलिस ने मामले के प्राथमिक अभियुक्त अभिराम नायक, उम्र करीब 45 वर्ष, पिता स्वर्गीय चंदन नायक, निवासी चायां, थाना बुढ़मू, जिला राँची को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ और जांच के दौरान घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी बरामद किया है। साथ ही घटना से संबंधित अन्य सामान भी पुलिस के कब्जे में लिया गया है।
*विशेष टीम में डीएसपी से लेकर बुढ़मू थाना की टीम रही शामिल*
हत्या के इस मामले के उद्भेदन के लिए गठित छापामारी दल में *पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी, माण्डर थाना इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा, बुढ़मू थाना प्रभारी पुअनि० नवीन कुमार, पुअनि० संजीव कुमार, पुअनि० रवि रंजन कुमार सहित बुढ़मू थाना रिजर्व गार्ड के जवान* शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद मामले में गिरफ्तारी की गई। पुलिस आगे भी मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। बुढ़मू क्षेत्र में हुई इस हत्या के मामले के शीघ्र उद्भेदन को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।




