अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन रविवार की देर रात अचानक सड़कों पर निकले। बिना किसी पूर्व सूचना के किए गए इस औचक निरीक्षण में उन्होंने शहर के कई प्रमुख इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर ओरमांझी और पिठोरिया थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसएसपी ने रातभर चलने वाले निरीक्षण के दौरान बिरसा चौक, मेन रोड, हरमू, बायपास रोड, अरगोड़ा चौक सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और ड्यूटी की स्थिति, वाहनों की जांच प्रक्रिया और गश्ती की निगरानी से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी।
एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो या किसी राजनीतिक संरक्षण में क्यों न हो, पुलिस को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी दबाव में आए बिना कानून का पालन सुनिश्चित करें ताकि रांची में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से किए जाएंगे।

