अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : उत्तर प्रदेश क्राइम ब्रांच से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने मांडर थाना क्षेत्र में एक ट्रक से प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट, प्रेमनगर दुबे चाल जनता कॉलोनी निवासी वसीम निजाम शेख के रूप में हुई है।
रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि ट्रक (नं. NL 01 AH 5510) में अवैध रूप से कफ सिरप लोड कर रांची के रास्ते अन्य जगहों पर ले जाया जा रहा है। इस पर डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने एनएच-39 पर टांगरबसली मोड़ के पास जांच अभियान चलाकर ट्रक को रोका।
पहले तो चालक ने ट्रक में सड़ा चावल लदा होने की बात कही, लेकिन जांच के दौरान ऊपर रखी चावल की बोरियों के नीचे से 134 बोरी में बंद 13,400 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गईं। मौके पर औषधी निरीक्षक को बुलाया गया, जिन्होंने जब्त सिरप की पुष्टि की।
कफ सिरप की खेप से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने ट्रक और सिरप दोनों को जब्त कर लिया। बरामद कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

