फॉण्ट कनवर्टर NEW

सतत विकास के लिए यूनिसेफ और विभागों में समन्वय जरूरी : मुख्य सचिव

Ranchi News : झारखंड में सतत विकास लक्ष्य (SDG) की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव अलका तिवारी ने मंगलवार को यूनिसेफ के प्रयासों और भूमिका की सराहना की और इसे और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News : झारखंड में सतत विकास लक्ष्य (SDG) की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव अलका तिवारी ने मंगलवार को यूनिसेफ के प्रयासों और भूमिका की सराहना की और इसे और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और यूनिसेफ दोनों ही सतत विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, इसलिए एक-दूसरे के बीच डेटा और अनुभव साझा करना न केवल आपसी समन्वय बढ़ाएगा, बल्कि योजनाओं की प्रभावशीलता भी बढ़ेगी।

मुख्य सचिव ने यूनिसेफ से आग्रह किया कि वह सभी संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें और पाक्षिक बैठकें आयोजित करें, ताकि योजनाओं की प्रगति और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिसेफ अपने फील्ड अनुभव और कार्यों को इन बैठकों में साझा करे, जिससे योजनाओं में बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।

अन्य राज्यों के मॉडल से सीखने पर जोर
श्रीमती तिवारी ने यह भी कहा कि यूनिसेफ को अन्य राज्यों के सामाजिक क्षेत्र में किए गए सफल कार्यों का अध्ययन करना चाहिए और यह समझना चाहिए कि उन मॉडलों को झारखंड में कैसे लागू किया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने एक विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया।

डेटा की पारदर्शिता पर विशेष बल
मुख्य सचिव ने योजना विभाग के साथ डेटा साझा करने के लिए एकीकृत पोर्टल विकसित करने की आवश्यकता बताई ताकि किसी भी प्रकार का डाटा मिसमैच न हो। उन्होंने कहा कि सटीक और अद्यतन जानकारी ही योजनाओं की प्रभावी निगरानी और क्रियान्वयन में मदद कर सकती है।

पोषण और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मुद्दों पर ध्यान
उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी यूनिसेफ से समन्वय कर कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य के हाशिए पर खड़े समुदायों के सतत विकास के लिए विशेष रणनीति बनानी होगी। मुख्य सचिव ने यूनिसेफ द्वारा हाइजीन और हाथ की सफाई को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की भी सराहना की और इसे और अधिक जनजागरूकता के रूप में विकसित करने को कहा।

यूनिसेफ का प्रजेंटेशन और सहभागिता
बैठक में यूनिसेफ की झारखंड प्रमुख कानिनिका मित्रा ने राज्य में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों और उसकी उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी एक प्रजेंटेशन के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ झारखंड में बच्चों, किशोरियों, महिलाओं और समुदायों के विकास के लिए शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर काम कर रहा है।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में सचिव मस्त राम मीणा, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, उमाशंकर सिंह, नेहा अरोड़ा सहित यूनिसेफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram