फॉण्ट कनवर्टर NEW

विश्वकर्मा पूजा पर श्रमिकों के खातों में सीधे भेजे 802 करोड़, नीतीश सरकार का बड़ा तोहफा

Bihar News: बिहार में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर निर्माण श्रमिकों को आज एक बड़ी सौगात मिली है। सीएम नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि ‘बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ (Bihar Building and Other Construction Workers Welfare Board) के तहत 16 लाख

अपनी भाषा में पढ़ें

Bihar News: बिहार में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर निर्माण श्रमिकों को आज एक बड़ी सौगात मिली है। सीएम नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि ‘बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ (Bihar Building and Other Construction Workers Welfare Board) के तहत 16 लाख से अधिक पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के खाते में सीधा लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि भेजी जा रही है।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आज का दिन खास है क्योंकि यह भगवान विश्वकर्मा की आराधना का पर्व है और साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस भी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश और नागरिकों के उत्थान के लिए निष्ठा और परिश्रम से काम कर रहे हैं। इसी शुभ अवसर पर श्रमिकों के खाते में सहायता राशि भेजना एक सुखद संयोग है।

सीएम ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कुल 16,04,929 निर्माण श्रमिकों के खाते में वार्षिक वस्त्र सहायता योजनान्तर्गत (Annual Clothing Assistance Scheme) 5,000 रुपए प्रति श्रमिक की दर से 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है। इससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के विकास में श्रमिक वर्ग की भूमिका सबसे अहम है। सड़कों से लेकर इमारतों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। ऐसे में उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने साफ कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक के व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है।

इस मौके पर सीएम ने “प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल योजनाओं की पारदर्शिता और बेहतर क्रियान्वयन में मदद करेगा।

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उनके नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम हासिल कर रहा है।

नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार भविष्य में भी श्रमिकों के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram