फॉण्ट कनवर्टर NEW

मोबाइल लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 3 लाख, दो साइबर ठग गिरफ्तार

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले की डुमरिया थाना पुलिस ने मोबाइल लिंक भेजकर की गई साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक व्यक्ति के खाते से करीब तीन लाख रुपये की अवैध निकासी करने का

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले की डुमरिया थाना पुलिस ने मोबाइल लिंक भेजकर की गई साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक व्यक्ति के खाते से करीब तीन लाख रुपये की अवैध निकासी करने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि साइबर क्राइम पोर्टल के प्रतिबिंब एप के माध्यम से डुमरिया थाना को शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से लगभग तीन लाख रुपये निकाल लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और विकास बारिक तथा अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने साइबर ठगी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि इस पूरे नेटवर्क में घाटशिला निवासी कृष्ण ओझा की भी भूमिका रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग आईडी कार्ड तथा बैंक लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच कर रही है।

पुलिस ने विकास बारिक, अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक और कृष्ण ओझा के विरुद्ध साइबर ठगी से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार, डुमरिया थाना प्रभारी पंचम लिंगा, नीर तिर्की, प्रदीप खलखो, मनोज पुस्टी, सुरेंद्र पुस्टी, योगेश्वर सरदार और महबूब असारी शामिल रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram