फॉण्ट कनवर्टर NEW

मतदाता सूची में 3 अफगान नागरिकों के नाम, जांच से मचा हड़कंप

Jamshedpur: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में दर्ज होने का मामला सामने आया है। दस्तावेजों के सत्यापन में गड़बड़ी पाए जाने के बाद निर्वाचन विभाग ने तीनों

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में दर्ज होने का मामला सामने आया है। दस्तावेजों के सत्यापन में गड़बड़ी पाए जाने के बाद निर्वाचन विभाग ने तीनों को नोटिस जारी किया है। अब यह जांच की जा रही है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत शामिल हुए।

जमशेदपुर के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा ने बुधवार को बताया कि मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों में विसंगतियां सामने आई थीं। इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से तीनों को नोटिस भेजकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। नोटिस के जवाब में पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद उनके पासपोर्ट की जांच कराई गई। जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई।

तीनों नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए। सूची में आसिल खान का नाम क्रम संख्या 30, मोहम्मद असलम का नाम 31 और मोहम्मद इब्राहिम का नाम 33 पर दर्ज था। बताया गया कि एसआईआर के तहत तीनों की न्यूमरेशन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गए थे।

दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। अब तीनों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज होने के दौरान किन स्तरों पर सत्यापन हुआ था।

अधिकारियों के मुताबिक, मामले में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं जानबूझकर नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई। यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले के सामने आने के बाद मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। निर्वाचन विभाग अब ऐसे मामलों की पहचान और जांच पर विशेष जोर दे रहा है। राज्य में अन्य स्थानों पर भी विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की आशंका को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाए जाने की तैयारी है।
इधर, खुफिया विभाग भी इसमें जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram