कांके। राज्य सरकार की छात्र हितैषी योजना के तहत मंगलवार को कांके प्रखंड परिसर में कल्याण विभाग की ओर से 241 स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांके विधायक सुरेश बैठा एवं विशिष्ट अतिथि प्रखंड उपप्रमुख अंजय बैठा ने विद्यार्थियों को साइकिल सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर माननीय विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण कोई भी छात्र-छात्रा शिक्षा से वंचित न रहे। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ उसे हासिल करने का आह्वान किया।
प्रखंड उपप्रमुख अंजय बैठा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का उपयोग केवल विद्यालय आने-जाने एवं आवश्यक कार्यों के लिए करने तथा उसकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में राजेश सिन्हा सन्नी, अख्तर हुसैन, विधायक प्रतिनिधि संजय मुंडा, लालचंद सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।




