Bokaro: एसआईआर-2026 के तहत बोकारो जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य तय समय सीमा से एक दिन पहले लगभग पूरा हो गया। मंगलवार देर शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान डीईओ सह डीसी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 34-गोमिया, 35-बेरमो और 37-चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 99.66 प्रतिशत कार्य संपन्न हो गया है।
तीन विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन
प्रगति पर संतोष जताते हुए डीईओ सह डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 का कार्य पूरा होने में अब केवल एक दिन शेष है, इसलिए सभी ईआरओ और एईआरओ एक बार फिर पूरे डाटा का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित करें।
अंतिम सत्यापन पर दिया विशेष जोर
अजय नाथ झा ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी ईआरओ और एईआरओ से उनके कार्यानुभव भी साझा करने को कहा। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में टीमवर्क की भावना बनाए रखते हुए अंतिम चरण का कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर बल दिया।
अधिकारियों ने डीईओ के मार्गदर्शन की सराहना की
बैठक में ईआरओ और एईआरओ ने कहा कि डीईओ सह डीसी के नियमित मार्गदर्शन, प्रतिदिन वीडियो संवाद और लगातार मॉनिटरिंग के कारण निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने में सफलता मिली। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा तथा वीडियो संवाद के माध्यम से सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, ईआरओ और एईआरओ मौजूद रहे।




