फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में 20% ज्यादा बरसा मानसून, कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

Ranchi News: झारखंड में इस साल मानसून औसत से कहीं ज्यादा मेहरबान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 2025 में राज्य में अब तक 1113.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत 927.9 मिमी से करीब 20 प्रतिशत अधिक है। इस वजह से खेतों और

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News: झारखंड में इस साल मानसून औसत से कहीं ज्यादा मेहरबान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 2025 में राज्य में अब तक 1113.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत 927.9 मिमी से करीब 20 प्रतिशत अधिक है। इस वजह से खेतों और जलाशयों में अच्छी-खासी नमी बनी हुई है।

सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में दर्ज की गई, जहां सामान्य 994.9 मिमी के मुकाबले 1584.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से 59% अधिक है। सरायकेला-खरसावां जिले में 52% ज्यादा, रांची में 50% ज्यादा, लातेहार में 40% और धनबाद में 35% अधिक बारिश दर्ज हुई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, इसके बावजूद झारखंड में अभी भी भारी बारिश हो रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 18 सितंबर को राज्य के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने का खतरा भी है। इसी वजह से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह का मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांधा इलाके में 79.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं, राजधानी रांची में 23.6 मिमी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस पूर्वी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे कम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।

राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 31.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 31.8 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि आने वाले दिनों में बारिश का असर और देखने को मिल सकता है। किसानों के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि अतिरिक्त बारिश से धान और अन्य खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा। वहीं, अचानक तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram