फॉण्ट कनवर्टर NEW

विश्व बाल दिवस पर CM हेमंत सोरेन से मिले 10 बाल पत्रकार, शिक्षा और बाल अधिकारों पर हुई चर्चा

विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को UNICEF के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल अधिकार और अपने भविष्य से जुड़े कई मुद्दों पर

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को UNICEF के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल अधिकार और अपने भविष्य से जुड़े कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री से बातचीत की।

इस दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह, बाल श्रम और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है। बच्चों ने माहवारी स्वच्छता, स्वस्थ खानपान, बीमारियों से बचाव और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे।

स्कूली शिक्षा में सुधार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के लिए भी समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से भी शिक्षा का स्तर बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है।

बाल विवाह और माहवारी स्वच्छता पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को सही और गलत की पहचान करने में मदद करती है। बाल विवाह को उन्होंने कानून के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसका असर लड़कियों के साथ लड़कों पर भी पड़ता है।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर बच्चों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, स्कूलों में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों तथा महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी : CM

हेमंत सोरेन ने कहा कि बच्चों में अपने अधिकारों को लेकर बढ़ती जागरूकता और आत्मविश्वास देखकर खुशी होती है। बच्चे जब अपने सवाल रखते हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि हर बच्चे को सुरक्षित माहौल, अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

UNICEF के प्रयासों की सराहना

मुख्यमंत्री ने बच्चों को जागरूक करने और उन्हें अपनी बात रखने का मंच देने के लिए UNICEF की सराहना की। UNICEF झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि नीतियों और फैसलों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए।

वहीं, UNICEF की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, लैंगिक असमानता और भौगोलिक परिस्थितियां आज भी बच्चों के विकास में बाधा हैं। बच्चों को सही अवसर देना बेहतर समाज के निर्माण के लिए जरूरी है।

ये 10 बाल पत्रकार रहे मौजूद

मुख्यमंत्री से मिलने वालों में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी शामिल थे। इस मौके पर एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram