Bihar News: बिहार की राजनीति में एक बड़ा मोड़ उस वक्त आया जब चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जनसुराज पार्टी का हाथ थाम लिया। राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘डिजिटल योद्धा समागम’ कार्यक्रम में जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रशांत किशोर के साथ जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह भी मौजूद थे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “बुझी हुई आश जलाएंगे हम, घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम, पलायन का दर्द मिटाएंगे हम, फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।”
प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव युवाओं के सक्रिय योगदान से ही संभव है और मनीष जैसे जागरूक युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
BJP से दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने 7 जून को फेसबुक लाइव के जरिए भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफे का ऐलान किया था। उन्होंने अप्रैल 2024 में बीजेपी की सदस्यता ली थी लेकिन पार्टी की कार्यशैली से असहमति जताते हुए महज डेढ़ साल में ही खुद को अलग कर लिया।
अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि मनीष कश्यप जनसुराज पार्टी के टिकट पर पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इसी संभावना के मद्देनज़र बेतिया और मोतिहारी से बड़ी संख्या में उनके समर्थक पटना पहुंचे और कार्यक्रम में शिरकत की। बिहार की राजनीति में यह कदम एक नई बहस को जन्म दे रहा है — क्या मनीष कश्यप डिजिटल प्रभाव को राजनीतिक ताकत में बदल पाएंगे?



