Chatra news: प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंची करिश्मा नामक एक बिरहोर महिला ऑपरेशन के डर से अचानक अस्पताल से फरार हो गई। मामला सामने आने के बाद सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ सत्येंद्र सिन्हा और उपाधीक्षक डॉ मनीष लाल आये एक्शन में और इनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के घर पहुंच गई और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे इलाज के लिए दोबारा अस्पताल लाया गया। जहां सफल
ऑपरेशन के बाद करिश्मा ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की तत्परता से एक ओर जहां महिला को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकी, वहीं सुरक्षित प्रसव भी संभव हो पाया। जानकारी के अनुसार, गिधौर प्रखंड की बिरहोर कॉलोनी निवासी करिश्मा बिरहोर, पति मानू बिरहोर, प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। ऑपरेशन की बात सुनकर करिश्मा डर गई और अस्पताल से निकलकर घर फरार हो गई । महिला के अस्पताल से भाग जाने की जानकारी मिलने के बाद सीएस और डीएस डॉ मनीष लाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को उसके घर भेजा।
टीम ने परिजनों और महिला को ऑपरेशन की आवश्यकता तथा सुरक्षित प्रसव के बारे में समझाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद करिश्मा इलाज के लिए अस्पताल आने को तैयार हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम एम्बुलेंस से उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर प्रसव कराया। करिश्मा के सफल ऑपरेशन में सीएस और डीएस के अलावा डॉ अज़हर, डॉ सिंड्रेला बालमुचू, ओटी असिस्टेंट अभिषेक कुमार, अरुण कुमार, मो आदिल, जीएनएम अंसिला कुमारी,प्रतिमा कुमारी, पंकज, देवरानी और शिला ने अहम भूमिका निभाई।





