Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंडावीर गांव में डायन होने के संदेह में 58 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शंकरी सुरीन के रूप में हुई है। आरोप है कि मंगलवार देर रात चार-पांच लोग उसे जबरन घर से बाहर ले गए और बाद में पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को पुलिस ने महिला का शव गांव से करीब सात किलोमीटर दूर पासुबेड़ा क्षेत्र के सौदाबुरु जंगल से बरामद किया। मामले में पुलिस ने बुधराम गोप और पलटन सुरीन को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि मंगलवार रात शंकरी सुरीन अपने पति सानगी सुरीन के साथ घर में थी। इसी दौरान कुछ लोग उसके घर पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगे। पति सानगी सुरीन ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सभी लोग शंकरी को लेकर वहां से चले गए। देर रात तक महिला के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
बुधवार सुबह गांव के मुंडा ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना प्रभारी चंद्रशेखर को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल महिला की खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान सौदाबुरु जंगल में महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला की कनपटी पर पत्थर से चोट के निशान मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या के पीछे उसके डायन होने का संदेह किए जाने की बात सामने आई है। इस आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को घर से जंगल तक किस परिस्थिति में ले जाया गया और हत्या की वारदात में कितने लोग शामिल थे।




