रांची: पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी के ‘मिशन एक लाख पौधा रोपण’ अभियान के तहत सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र, सेम्बो रांची परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप केंद्र रांची के उप महानिरीक्षक सुनील कुमार ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह शामिल हुए। इस दौरान परिसर में फलदार, फूलदार और औषधीय प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए।
पौधों की देखभाल जरूरी
साकेत कुमार सिंह ने कहा कि पेड़ मानव जीवन और पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी हैं। पेड़ स्वच्छ हवा देने के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए लोगों से अपनी मां और प्रकृति के सम्मान में पौधे लगाने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी
रोटरी क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के साथ मिलकर आयोजित यह कार्यक्रम हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रोटरी क्लब आगे भी सीआरपीएफ के साथ पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए काम करेगा।
कार्यक्रम में झारखंड सेक्टर मुख्यालय के डीआईजी अजय मिश्रा समेत सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




