रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से 27 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई है। इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 27 और 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 अक्टूबर से शुरू हो सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर तक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।
इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ेगा। 27 अक्टूबर से बारिश शुरू हो सकती है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी और वज्रपात होने की आशंका है। 30 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
140 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है हवा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। तेज झोंकों के साथ इसकी गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
हालांकि, यह हवा की रफ्तार आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के लिए अनुमानित है।
रांची में सुबह ठंड, दोपहर में गर्मी
रविवार को रांची में सुबह हल्की ठंड महसूस की गई। वहीं, दोपहर में तेज धूप निकलने से हल्की गर्मी रही। राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.6 डिग्री, बोकारो में 30.5 डिग्री और चाईबासा में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान जगन्नाथपुर में 35 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बारिश और वज्रपात के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।




