फॉण्ट कनवर्टर NEW

यूएस ओपन से बड़ी खबर, सेमीफाइनल मुकाबले में हारी भारत की माया रेवती की जोड़ी

यूएस ओपन गर्ल्स डबल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की माया राजेश्वरन रेवती और यूक्रेन की एंटोनिन्या सुशकोवा को अमेरिकी जोड़ी क्रिस्टीना और अन्निका पेनिककोवा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

अपनी भाषा में पढ़ें

New York, USA: यूएस ओपन में भारत की युवा टेनिस खिलाड़ी माया राजेश्वरन रेवती और यूक्रेन की एंटोनिन्या सुशकोवा का शानदार सफर सेमीफाइनल में आकर थम गया है। शनिवार को कोर्ट 12 पर खेले गए यूएस ओपन गर्ल्स डबल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में इस भारत-यूक्रेनी जोड़ी को अमेरिका की क्रिस्टीना पेनिककोवा और अन्निका पेनिककोवा की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।

सेमीफाइनल मुकाबले का हाल

पेनिककोवा बहनों के खिलाफ खेले गए इस कड़े मुकाबले में रेवती और सुशकोवा को 6-7 (3), 2-6 से शिकस्त मिली। यह मुकाबला 1 घंटे 6 मिनट तक चला। मैच के पहले सेट में भारत-यूक्रेनी जोड़ी ने अमेरिकी जोड़ी की सर्विस दो बार तोड़ी और कड़ा मुकाबला करते हुए सेट को टाई-ब्रेकर तक पहुंचाया, जहां पेनिककोवा बहनों ने बाजी मार ली। इसके बाद दूसरे सेट में अमेरिकी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और रेवती-सुशकोवा को दो बार अपनी सर्विस गंवानी पड़ी, जिसके चलते उन्हें मैच गंवाना पड़ा।

शानदार रहा सफर

इससे पहले रेवती और सुशकोवा ने टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रूस की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी फेलित्साता डोरोफीवा-रिबास और अन्ना पुश्कारेवा को हराया था। इसके अलावा राउंड ऑफ 16 में चेक गणराज्य की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी कैटरीना जजिकोवा और जाना कोवाकोवा को भी शिकस्त दी थी।

सिंगल्स और अन्य टूर्नामेंट्स का प्रदर्शन

जूनियर सिंगल्स में भी माया रेवती का प्रदर्शन अच्छा रहा, जहां उन्हें 15वीं सीड मिली थी और उन्होंने दूसरे दौर (राउंड ऑफ 32) तक जगह बनाई थी। पहले दौर में उन्होंने अमेरिका की एमरी कॉम्ब्स को हराया था, लेकिन एरिना मैलिगिना के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले डबल्स में रेवती ने अमेरिका की थिया फ्रोडिन के साथ खेलते हुए विंबलडन जूनियर्स के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram