Felicitation of Blood Donar: जमशेदपुर : प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) द्वारा अपने 25 वर्षों के सामाजिक सफर के उपलक्ष्य में रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल के नवनिर्मित प्रेक्षागृह में भव्य वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंडी संस्कृति, मानव सेवा और रक्तदान के प्रति समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा थे। उन्होंने टीम पीएसएफ के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाओं की सक्रियता से जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिलती है और समाज में सेवा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने संस्था को शुभकामनाएं देते हुए रक्तदाताओं एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, झारखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सचिव संतोष महतो, जमशेदपुर ब्लड सेंटर की सचिव नलिनी राममूर्ति, सह सचिव रविंद्र दुग्गल, जीएम संजय चौधरी, एक्टर एवं मॉडल नीला सेनगुप्ता, ज्योत्सना सरकार, समाजसेवी पायल चौधरी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वर्षभर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली 80 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही टीम पीएसएफ से जुड़े 10 शतकवीर रक्तदाताओं, एसडीपी रक्तदान अभियान से जुड़े पांच प्रमुख रक्तदाताओं तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच लोगों को “टीम पीएसएफ गौरव मानव सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। जमशेदपुर ब्लड सेंटर से जुड़े समर्पित सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था द्वारा “टाइम बैंक” एवं “टीम पीएसएफ इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक” की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य सदस्यों एवं उनके परिवारों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में पहलगाम में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों एवं वीर जवानों को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



