Chaibasa News: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक राधे सुम्ब्रुई की 33वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई ने कहा कि राधे सुम्ब्रुई एक ऊर्जावान और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने छात्र जीवन से लेकर राजनीतिक जीवन तक छात्रों, युवाओं और समाज के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि राधे सुम्बरुई का राजनीतिक जीवन वर्ष 1985 में चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रथम विधायक बनने के साथ शुरू हुआ। आज देश में भाजपा की सरकार चल रही है, देश में 80% राज्यों में भाजपा की सरकार है, लेकिन हमारे आदिवासी कोल्हान क्षेत्र में जन-जन तक भाजपा की झंडा को बुलंद करने वाले, भाजपा की पहचान बनाने वाले राधे सुम्बरुई हैं। विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास और विशेष रूप से छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी। कोल्हान विश्वविद्यालय की स्थापना की नींव रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। सबसे पहले पीजी सेंटर खुलवाने की पहल भी उन्होंने ही की थी।

बड़कुँवर गागराई ने कहा कि पहले टाटा कॉलेज के छात्र-छात्राओं को बस से कॉलेज आने-जाने के लिए किराया देना पड़ता था, लेकिन उनके प्रयास से छात्रों को बस किराये में छूट की सुविधा मिली। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ हुआ। उन्होंने आदिवासी हो समाज के विकास के लिए भी लगातार कार्य किया। आदिवासी हो समाज भवन के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। खेलकूद के क्षेत्र में भी उन्होंने कई पहल की, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि 8 जुलाई 1993 को असामाजिक तत्वों ने राधे सुम्बरुई की हत्या कर दी थी। उनकी हत्या भाजपा के लिए बड़ी क्षति थी, क्योंकि पार्टी ने एक कद्दावर और जनप्रिय नेता को खो दिया था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे, पूर्व जिला महामंत्री प्रताप कटिहार महतो, हेमंत केसरी, रूप सिंह दास, भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, भाजपा नगर महामंत्री रोहित दास, कर्मवीर पासवान, राकेश शर्मा उर्फ बबलू, दुनिया कुंभार, जितेंद्र नाथ ओझा, रंजन प्रसाद, राजश्री बानरा, भूषण पाठ पिंगुवा, चंद्रमोहन तियु सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version