रांची: किता-सिल्ली रेलखंड पर आज तकनीकी काम के कारण ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इसका असर ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ेगा। हटिया-सांकी रूट पर चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, तीन एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों का रूट छोटा किया गया है।
रेलवे के अनुसार, 58663/58664 और 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेनें दोनों दिशाओं से रद्द रहेंगी। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
इसके अलावा 13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू गोमो तक ही चलेगी। गोमो और हटिया के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस आद्रा तक ही चलेगी और वहीं से वापस लौटेगी। आद्रा से हटिया के बीच ट्रेन नहीं चलेगी।
वहीं, 63598/63597 आसनसोल-रांची मेमू मूरी स्टेशन तक ही चलेगी। मूरी से रांची के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल जरूर जांच लें।



