रांची: रांची के JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय T20 मैच खेला जाएगा। मैच को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
सुबह 6 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री
9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के रांची शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
इसके अलावा शालीमार चौक से नॉर्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, आपात स्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मैकॉन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के आसपास भी छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों की आवाजाही मैच खत्म होने तक प्रतिबंधित रहेगी।
अलग-अलग गेट के लिए अलग पार्किंग
South Gate और South East Gate के टिकट वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान की पार्किंग तक जा सकेंगे। वहां से स्टेडियम तक पैदल जाना होगा। पार्किंग भरने पर DAV स्कूल, जवाहर स्टेडियम और सेंट थॉमस स्कूल में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
West Gate के टिकट वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैंबो कैंप मोड़ होते हुए सुखआ मैदान पार्किंग पहुंच सकते हैं। जरूरत पड़ने पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
नया सराय से आने वालों के लिए पार्किंग
नया सराय होते हुए रिंग रोड से आने वाले लोग हाईकोर्ट के सामने हेलिपैड मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। यहां से तिरिल मोड़ और JSCA नॉर्थ गेट होते हुए पैदल स्टेडियम पहुंचा जा सकेगा।
VIP और VVIP के लिए अलग व्यवस्था
VIP और VVIP पास वाले वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट के पास बने VIP/VVIP प्रवेश मार्ग से स्टेडियम में जा सकेंगे। इन वाहनों के लिए नॉर्थ गेट के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन जगहों पर भी होगी पार्किंग
दर्शकों के लिए सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, DAV स्कूल मैदान, जवाहर लाल स्टेडियम, मियां मार्केट, सेंट थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलिपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
मैच खत्म होने के बाद इन रास्तों पर रहेगा दबाव
मैच खत्म होने के बाद शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी गोलचक्कर, HEC गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक की ओर ट्रैफिक बढ़ने की संभावना है।
रातू, मांडर और चान्हो जाने वालों को तिरिल-कुटे-नवाटोली होते हुए नया सराय और रिंग रोड जाने की सलाह दी गई है। नगड़ी, इटकी और बेड़ो जाने वाले भी इसी रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कांके, पिठौरिया और ओरमांझी जाने वाले नया सराय होते हुए रिंग रोड और तिलता चौक की ओर जा सकेंगे। वहीं नामकुम, टाटीसिलवे, सिल्ली और मुरी जाने वालों को झारखंड मंत्रालय, तुपुदाना, रिंग रोड और नामकुम की ओर जाने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अक्टूबर को मैच वाले इलाकों में बेवजह चारपहिया वाहन लेकर न निकलें। जरूरी होने पर ही निजी वाहन का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार कुछ अन्य रास्तों पर भी अस्थायी रूप से डायवर्जन किया जा सकता है।



