रांची: दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और शहर में आवागमन सुचारू रहे, इसके लिए निगम की अलग-अलग शाखाओं को जरूरी व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया गया है।
मंगलवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें पूजा के दौरान सफाई, बिजली, सड़क, पेयजल, फॉगिंग, सुरक्षा और विसर्जन स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। रांची नगर निगम क्षेत्र में कुल 176 पूजा पंडाल हैं।
पंडालों तक जाने वाली सड़कें होंगी दुरुस्त
अभियंत्रण शाखा ने बताया कि पूजा समितियों की ओर से 700 से अधिक ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग की गई है। अपर नगर आयुक्त ने नवरात्र शुरू होने से पहले जरूरत के अनुसार पंडालों और संपर्क सड़कों पर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पंडालों तक जाने वाली सड़कों की स्थिति की जांच कर जरूरी मरम्मत कराने और जरूरत पड़ने पर जेसीबी की व्यवस्था करने को कहा गया है। खुले नालों को ढकने के लिए 600 से अधिक स्लैब की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
तीन शिफ्ट में होगी सफाई
पूजा के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम तीनों शिफ्ट में सफाई, कूड़ा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और घास की कटाई कराएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों और संसाधनों की तैनाती की जाएगी।
विसर्जन स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बांस-बल्लियों और रिबन की मदद से सुरक्षित विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।
पंडालों के आसपास बढ़ाई जाएगी रोशनी
विद्युत शाखा को स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने के साथ पूजा पंडालों के आसपास जरूरत के अनुसार अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है। मेन रोड, बड़ा तालाब और अपर बाजार के लिए विशेष बिजली टीम बनाने का भी निर्देश दिया गया है।
पेड़ों की खतरनाक डालियों की होगी छंटाई
पूजा पंडालों और संपर्क सड़कों के आसपास झाड़ियों की सफाई की जाएगी। सड़क किनारे पेड़ों की लटकी और खतरनाक डालियों की भी छंटाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो और हादसे का खतरा कम रहे।
फॉगिंग और डॉग कैचिंग अभियान
स्वास्थ्य शाखा को पूजा पंडालों के आसपास नियमित फॉगिंग और डॉग कैचिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। भीड़ वाले इलाकों में जरूरत के अनुसार मॉड्यूलर टॉयलेट और पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए चल सकती है निःशुल्क नगर बस
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क नगर बस सेवा चलाने की तैयारी है। इसके लिए ट्रांसपोर्ट शाखा को रूट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
अपर नगर आयुक्त ने सभी शाखाओं को पूजा समितियों के संपर्क में रहने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम माहौल देने के लिए पूरी तैयारी कर रहा है।



