फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमीन खोदने पर निकले नोटों से भरे तीन ड्रम, दो लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस की छापेमारी के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में एक घर की तलाशी के दौरान तीन ड्रमों से 500 रुपये के नोटों की

अपनी भाषा में पढ़ें

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस की छापेमारी के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में एक घर की तलाशी के दौरान तीन ड्रमों से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। पुलिस के अनुसार, बरामद रकम करोड़ों रुपये में हो सकती है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नकदी की गिनती के लिए आयकर विभाग को सूचना दी गई है।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में कथित तौर पर चोरी के रुपये जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद बुधवार शाम करीब 6 बजे डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची।

छापेमारी से पहले गांव की बिजली कटवाई गई। इसके बाद घर की तलाशी ली गई, जहां जमीन में दबे तीन ड्रम मिले। इन ड्रमों में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी थीं। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

साढ़े चार घंटे तक चला तलाशी अभियान

घर में तलाशी की कार्रवाई करीब साढ़े चार घंटे तक चली। रात लगभग 10:30 बजे पुलिस टीम वापस लौटी। इस दौरान राकेश यादव के भाई बबलू को भी हिरासत में लिया गया। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने घर के अलावा बाग और आसपास की खाली जमीन पर भी निगरानी बढ़ा दी है। मौके पर 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। नवाबगंज और होलागढ़ थानों की पुलिस के साथ विशेष टीमें भी जांच में जुटी हैं।

पुणे में काम करता था राकेश, गांव में खरीदी जमीन

ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव पहले पुणे में अपने रिश्तेदारों के साथ रहकर एक सर्राफा व्यापारी के यहां काम करता था। कोविड के दौरान वह गांव लौट आया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर करीब 22 बीघा जमीन खरीदी और लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से मकान बनवाया।

ग्रामीणों का यह भी दावा है कि उसने दो ट्रैक्टर, एक डीजे और एक पिकअप वाहन खरीदा था। बाद में उसने गांव में सीमेंट और सरिया का कारोबार शुरू किया। हालांकि, इन संपत्तियों और बरामद नकदी के बीच क्या संबंध है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

आयकर विभाग करेगा नकदी की गिनती

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि देर रात होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया था। घर के आसपास पुलिस तैनात है और मामले की जांच जारी है।

नकदी मिलने के बाद आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है। गुरुवार को नोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ही बरामद रकम की सही मात्रा और उसके स्रोत का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रुपये कहां से आए और क्या उनका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध है।

Read more ; गाड़ी से AK-47 और कार्बाइन बरामद, एक युवक हिरासत में

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram