Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कोलकाता के आजादगढ़, टॉलीगंज निवासी बंटी गुहा (38) और मानगो निवासी इम्तियाज खान (32) शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई बाइक संख्या जेएच05 डीके0785 और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शनिवार को डीएसपी दयानंद कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में पूरे मामले की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि 10 सितंबर को एमजीएम थाना क्षेत्र के आरवीएस एकेडमी, डिमना के पास आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बिरेन दास को केस मैनेज कराने की बात कही। इसके बाद उसे गोलमुरी के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर उसके पास से 25,600 रुपये नकद, बाइक और दो मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के बाद 13 सितंबर को एमजीएम थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बंटी गुहा का कदमा और सीतारामडेरा थाना समेत अन्य थाना क्षेत्रों में आपराधिक इतिहास भी रहा है। दोनों आरोपियों को पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



