Ranchi: राजधानी के करमटोली में अब जल्द ही झारखंड के पारंपरिक और समृद्ध व्यंजनों की खुशबू महकने वाली है। रांची नगर निगम ने अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन का जनहित में बेहतर इस्तेमाल करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। करमटोली तालाब के पास वार्ड संख्या 19 में खाली कराई गई 51 डिसमिल जमीन पर एक विशेष ‘झारखंडी वेंडर्स फूड मार्केट’ विकसित किया जाएगा।
इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ मौके का स्थल निरीक्षण किया। बाउंड्री वॉल के निर्माण के बाद इस जमीन की उपयोगिता का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि इस स्थान को सामान्य बाजार की तरह नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक और खान-पान की धरोहर को बढ़ावा देने वाले एक ‘अनूठे फूड मार्केट’ के रूप में तैयार किया जाए।
सुविधाजनक डिजाइन और नाइट मार्केट का कॉन्सेप्ट
नगर आयुक्त ने अभियंताओं को निर्देश दिया है कि वेंडर मार्केट का खाका इस तरह तैयार हो जिससे आम नागरिकों और शहर में आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें। इस प्रस्तावित वेंडिंग जोन में चौड़े और सुव्यवस्थित पाथवे, गाड़ियों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, ढके हुए शेड, स्वच्छ शौचालय, शीतल पेयजल और रोशनी की समुचित व्यवस्था होगी। इसके अलावा, पूरे परिसर को झारखंडी कलाकृति और पेंटिंग्स से आकर्षक रूप दिया जाएगा। भविष्य में इस जगह को ‘नाइट मार्केट’ के रूप में भी संचालित करने की योजना है, जिससे यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन सके।
स्थानीय वेंडर्स को रोजगार और झारखंडी पहचान
रांची नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल सड़कों और फुटपाथों पर अनियोजित रूप से दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को एक स्थायी, सम्मानजनक और सुविधाजनक व्यावसायिक स्थान देना है, बल्कि शहरवासियों को झारखंडी पकवानों का स्वाद एक ही छत के नीचे मुहैया कराना भी है। इससे स्थानीय छोटे व्यवसायियों की आय बढ़ेगी और उनके लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
निगम प्रशासन लगातार सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराकर उनका इस्तेमाल नागरिक सुविधाओं के विस्तार और रोजगार सृजन के लिए कर रहा है। करमटोली का यह नया फूड मार्केट न केवल रांचीवासियों के लिए शाम बिताने की पसंदीदा जगह बनेगा, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी एक नया मुकाम देगा।



