गुमला/ चैनपुर: प्रखंड स्थित बरवे उच्च विद्यालय चैनपुर के खेल मैदान में 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026–27 का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चैनपुर प्रखंड के कुल नौ विद्यालयों की सोलह टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें अंडर-15 बालक वर्ग की चार टीमें, अंडर-17 बालक वर्ग की छह टीमें तथा अंडर-17 बालिका वर्ग की छह टीमें शामिल रहीं। शनिवार शाम आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर मुखिया शोभा देवी एवं उपप्रमुख प्रमोद खलखो ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मैदान पर हुए रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जोश और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में बरवे उच्च विद्यालय चैनपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए चार गोल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय बालक मध्य विद्यालय चैनपुर उपविजेता रहा।अंडर-17 बालक वर्ग में भी बरवे उच्च विद्यालय का दबदबा कायम रहा और टीम ने दो गोल कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संत पीटर उच्च विद्यालय टोंगो की टीम दूसरे स्थान पर रही। बालिका वर्ग के मुकाबले में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय चैनपुर कातिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज की और विजेता बनी। उर्सलाईन बालिका उच्च विद्यालय टोंगो की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रथम स्थान प्राप्त टीमों को जर्सी एवं पैंट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सतेंद्र कुमार सहित शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Exit mobile version