जारी प्रखंड में नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) अब पूर्ण रूप से कार्यशील हो चुका है। रविवार को यहाँ पहली बार सुरक्षित प्रसव हुआ और एक नवजात शिशु का जन्म हुआ।
गौरतलब है कि उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान पाया था कि भवन बनने के बावजूद केंद्र की सेवाएँ सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही थीं। इस पर उन्होंने तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और लगातार मॉनिटरिंग करते हुए केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया। नतीजतन अब यह पीएचसी पूरी तरह से फंक्शनल हो चुका है।
वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र में 2 एएनएम, 3 जीएनएम एवं 1 स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती की गई है। इसके अलावा डुमरी सीएचसी के चिकित्सक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को यहाँ पहुँचकर मरीजों की जांच और चिकित्सा सेवाएँ देंगे।
जारी पीएचसी के संचालन से क्षेत्र के ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर ओपीडी, डिलीवरी और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और उन्हें दूर-दराज जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।



